जमशेदपुरः संकोसाई में देर रात खड़ी बसों में आग, दो वाहन जलकर राख, तीसरी को लोगों ने बचाया

जमशेदपुरः संकोसाई में देर रात खड़ी बसों में आग, दो वाहन जलकर राख, तीसरी को लोगों ने बचाया

जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत संकोसाई इलाके में रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी तीन बसों में से दो में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दोनों बसें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि स्थानीय लोगों की सूझ-बूझ से एक अन्य बस को बचा लिया गया। घटना संकोसाई एक नंबर रोड की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात के समय सड़क किनारे कई बसें खड़ी थीं। इसी दौरान एक बस से अचानक धुआं उठता देखा गया। पहले लोगों को लगा कि वाहन में सामान्य तकनीकी खराबी होगी, लेकिन कुछ ही क्षण में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते लपटें इतनी तेज हो गईं कि बगल में खड़ी दूसरी बस भी इसकी चपेट में आ गई। आग की ऊंची लपटें दूर से दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश शुरू की। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर कुल तीन बसें खड़ी थीं। आग फैलने से पहले लोगों ने काफी मशक्कत कर तीसरी बस को वहां से हटाया, जिससे वह जलने से बच गई। इस दौरान आग की तपिश से ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार भी प्रभावित हो गए। स्थिति को गंभीर देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना देकर लाइन कटवाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों बसें पूरी तरह जल चुकी थीं। झारखंड पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों और पुलिस को आशंका है कि आग के पीछे असामाजिक तत्वों का हाथ हो सकता है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन वाहन मालिकों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई