बिल्डर एसोसिएशन ऑफ इंडिया की नई कमेटियों का गठन, मंत्री दीपिका पांडे ने विकास कार्यों में सहयोग का दिया भरोसा

बिल्डर एसोसिएशन ऑफ इंडिया की नई कमेटियों का गठन, मंत्री दीपिका पांडे ने विकास कार्यों में सहयोग का दिया भरोसा
जमशेदपुर : बिल्डर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) के जमशेदपुर और आदित्यपुर चैप्टर की नई कमेटियों के गठन को लेकर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री Deepika Pandey Singh मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान नई कमेटियों के पदाधिकारियों को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कराया गया। कार्यक्रम में शहर के कई नामी बिल्डर, डेवलपर और व्यवसायी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान जमशेदपुर केंद्र से सीसी सदस्य के रूप में रविंद्र कुमार झा और कौशल किशोर सिंह का चयन किया गया। नई कमेटी के गठन के बाद सदस्यों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा शहर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि मंत्री दीपिका पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि जमशेदपुर और आदित्यपुर जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों में बिल्डर एसोसिएशन की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास, आधारभूत संरचना और बेहतर आवासीय व्यवस्था में बिल्डरों का बड़ा योगदान रहता है। उन्होंने कहा कि बिल्डर एसोसिएशन की ओर से जो भी मांगें और समस्याएं उनके समक्ष रखी गई हैं, उन्हें वह राज्य सरकार और संबंधित विभागों तक अवश्य पहुंचाएंगी।

मंत्री ने कहा, “मैं आपकी सभी समस्याओं को गंभीरता से सुन रही हूं। टाटा लीज क्षेत्र, म्यूटेशन और अर्बन डेवलपमेंट से जुड़े जो भी मुद्दे सामने आए हैं, उन्हें मैं माननीय मुख्यमंत्री से भी साझा करूंगी। सरकार शहर के विकास को लेकर प्रतिबद्ध है और जो भी व्यावहारिक समाधान संभव होगा, उस दिशा में तेजी से पहल की जाएगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि शहरी विकास केवल सरकार के भरोसे संभव नहीं है, बल्कि इसमें बिल्डर समुदाय की भी अहम जिम्मेदारी होती है। उन्होंने बिल्डरों से अपील करते हुए कहा कि वे केवल व्यावसायिक दृष्टिकोण से नहीं बल्कि “सस्टेनेबल डेवलपमेंट” यानी टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल विकास को प्राथमिकता दें।

दीपिका पांडे ने कहा, “एक नया जमशेदपुर बसाने में आप लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह काम आसान नहीं है, लेकिन शहर के भविष्य को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध और पर्यावरण संतुलन के साथ विकास करना जरूरी है। आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर शहर बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।”

वहीं कार्यक्रम के दौरान बिल्डर एसोसिएशन की ओर से मंत्री के समक्ष कई अहम समस्याएं रखी गईं। सदस्यों ने टाटा लीज क्षेत्र में म्यूटेशन की जटिल प्रक्रिया, भवन निर्माण स्वीकृति में हो रही देरी, शहरी विकास योजनाओं में समन्वय की कमी और अन्य प्रशासनिक अड़चनों पर विस्तार से चर्चा की। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि इन समस्याओं का समाधान हो जाए तो शहर में योजनाबद्ध विकास को और गति मिल सकती है।
कार्यक्रम का समापन नई कमेटी के सदस्यों को शुभकामनाएं देने और शहर के विकास में मिलकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई