महंगाई के खिलाफ झामुमो का जिला मुख्यालय पर एकदिवसीय धरना

महंगाई के खिलाफ झामुमो का जिला मुख्यालय पर एकदिवसीय धरना

जमशेदपुर:देश में लगातार बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने गुरुवार को जमशेदपुर जिला मुख्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत झामुमो कार्यकर्ताओं और नेताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए आम जनता पर बढ़ते महंगाई के बोझ को मुद्दा बनाया।
प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने माथे पर लकड़ियों का गट्ठर लेकर विरोध जताया और यह संदेश दिया कि रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के कारण आम परिवार, विशेषकर महिलाएं, फिर से लकड़ी पर खाना पकाने को मजबूर हो रही हैं। झामुमो नेताओं ने कहा कि महंगाई ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है और दैनिक जरूरतों की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
इस मौके पर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाडंगी और जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार महंगाई कम करने के वादे के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन आज हालात इसके उलट हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल, डीजल, गैस और खाद्य सामग्री की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता परेशान है।
झामुमो नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि जनता की आवाज को बुलंद करने का प्रयास है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण नहीं करती है तो झामुमो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई