कदमा पुलिस ने चेन स्नैचिंग कांड का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छीनकर फरार होने वाले अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को दबोचा है और उनके पास से छीने गए सोने के जेवर, नकद राशि और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 2 मई 2026 को कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत अनिल सूरपथ रोड पर अज्ञात अपराधियों ने स्कूटी सवार महिला अनिता चौधरी, पत्नी जयप्रकाश चौधरी, निवासी नारायणी विला, सरायकेला पथ, अनिल सूरपथ थाना कदमा, जिला पूर्वी सिंहभूम के गले से सोने की चेन छीन ली थी और मौके से फरार हो गए थे।
घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 6 मई को टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल, कदमा के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छीनी गई सोने की चेन को कदमा स्थित JP Jewellers में बेचने का खुलासा किया। पुलिस ने जब दुकान में छापेमारी की तो वहां से सोने को पिघलाकर बनाई गई तीन सोने की अंगूठियां बरामद की गईं। पुलिस ने ज्वेलरी दुकान संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि छीनी गई सोने की चेन को 25 हजार रुपये में बेचा गया था, जिसमें से 15 हजार रुपये नकद आरोपियों के पास से बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
प्रकाश पटेल (26 वर्ष), निवासी बागान बस्ती, आदित्यपुर, जिला सरायकेला-खरसावां
प्रीतम सिंह उर्फ पोंगो (25 वर्ष), निवासी भाटिया बस्ती, कदमा, जमशेदपुर
निखिल सोनी (25 वर्ष), निवासी केजीनगर, सोनारी, जमशेदपुर
बरामद सामान:
3 सोने की अंगूठियां (कुल वजन करीब 5 ग्राम)
घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी
नकद 15 हजार रुपये
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रकाश पटेल का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ आदित्यपुर और बिष्टुपुर थाना में चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।
कदमा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और अपराध में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।






