चक्रधरपुर मंडल ने जारी किया यात्रियों का फीडबैक, ट्रेनों की लेटलतीफी पर यात्रियों ने बताया सुधार

चक्रधरपुर मंडल ने जारी किया यात्रियों का फीडबैक, ट्रेनों की लेटलतीफी पर यात्रियों ने बताया सुधार

जमशेदपुर: चक्रधरपुर मंडल में यात्री ट्रेनों की लगातार हो रही देरी को लेकर पिछले कुछ दिनों से यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर हाल ही में जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय के नेतृत्व में टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया था, जिसमें रेलवे प्रशासन से यात्री ट्रेनों के परिचालन में सुधार की मांग उठाई गई थी। इसके बाद रेल यात्री संघर्ष समिति की ओर से हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
इसी बीच रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों का फीडबैक जारी किया गया है। रेलवे द्वारा जारी इस फीडबैक वीडियो में कई यात्रियों ने अपनी राय साझा करते हुए कहा कि पहले की तुलना में अब ट्रेनों के परिचालन में सुधार देखने को मिल रहा है। यात्रियों का कहना है कि पहले जहां ट्रेनें घंटों लेट चलती थीं, वहीं अब स्थिति में बहुत हद तक सुधार हुआ है और ट्रेनें अपेक्षाकृत कम देरी से चल रही हैं।
फीडबैक में शामिल यात्रियों ने कहा कि रेलवे प्रशासन द्वारा समयबद्ध परिचालन की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका असर अब धीरे-धीरे दिखने लगा है। यात्रियों ने माना कि अभी भी कुछ ट्रेनों में देरी की समस्या बनी हुई है, लेकिन पहले जैसी गंभीर स्थिति नहीं है।
यात्रियों ने स्टेशन की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उनका कहना था कि टाटानगर रेलवे स्टेशन हमेशा से साफ-सफाई और बेहतर रखरखाव के मामले में अग्रणी रहा है। प्लेटफॉर्म की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, बैठने की सुविधा और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर स्टेशन प्रशासन लगातार सक्रिय रहता है।
रेलवे द्वारा जारी वीडियो में यात्रियों ने यह भी कहा कि स्टेशन पर सुविधाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है और यात्रियों को बेहतर अनुभव देने की कोशिश हो रही है। कुछ यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से अनुरोध किया कि ट्रेनों की समयबद्धता पर और अधिक ध्यान दिया जाए ताकि लंबी दूरी और दैनिक यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिल सके।
गौरतलब है कि चक्रधरपुर मंडल में पिछले कुछ समय से ट्रेनों की लेटलतीफी एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। खासकर टाटानगर से गुजरने वाली कई यात्री ट्रेनें मालगाड़ियों की प्राथमिकता के कारण प्रभावित होती रही हैं।
अब रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों के सकारात्मक फीडबैक जारी किए जाने के बाद यह संकेत मिल रहा है कि व्यवस्था में सुधार की दिशा में काम हो रहा है। हालांकि यात्रियों की अपेक्षा है कि यह सुधार स्थायी और व्यापक हो, ताकि यात्रा सुगम और समयबद्ध बन सके।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई