किसान की बेटी ने रचा इतिहास: हिमानी पाल 87% अंक लाकर बनी सेकंड टॉपर, IAS बनने का सपना
पोटका : पावरु गांव की रहने वाली किसान की पुत्री हिमानी पाल ने अपनी मेहनत और लगन से शानदार सफलता हासिल करते हुए गिरी भारती हाई स्कूल, हल्दीपोखर में 87% अंक प्राप्त कर सेकंड टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
हिमानी पाल के पिता महेंद्र नाथ पाल एक साधारण किसान हैं, जबकि उनकी माता अलादीनी पाल गृहणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद बेटी की इस सफलता ने परिवार के चेहरे पर उम्मीद की नई किरण जगा दी है। पिता महेंद्र नाथ पाल की आंखों में खुशी के आंसू साफ झलकते नजर आए। उन्होंने भावुक होकर कहा कि यह उनकी मेहनत का फल है और जिस दिन उनकी बेटी अपने लक्ष्य को हासिल करेगी, वह खुद को सबसे ज्यादा गौरवान्वित महसूस करेंगे।
हिमानी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि वह आगे चलकर IAS अधिकारी बनना चाहती हैं, ताकि समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा कर सकें। उन्होंने कहा कि वह एक गरीब परिवार से आती हैं, लेकिन उनके अंदर आगे बढ़ने का जज्बा है और उनके पिता हर कदम पर उनका पूरा सहयोग करते हैं।
परिवार का मानना है कि बेटी की पढ़ाई के लिए वे खेती के माध्यम से ही हर संभव प्रयास करेंगे। हिमानी की यह सफलता उन सभी ग्रामीण बच्चों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला रखते हैं।






