जमशेदपुर के बिरसानगर थाना अंतर्गत प्रकाश नगर में एक मकान पर फर्जी दस्तावेज के आधार पर अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, यह मकान अभय नारायण सिंह का है, जो वर्तमान में विजय गार्डन में रहते हैं।
बताया जा रहा है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा फर्जी कागजात तैयार कर उक्त मकान पर कब्जा कर लिया गया था और वहीं रह रहे थे। मामले की सूचना मिलने पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने हस्तक्षेप करते हुए प्रशासन को इसकी जानकारी दी और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
इसके बाद सिटी DSP सुनील चौधरी के निर्देश पर पुलिस टीम ने देर रात मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान अवैध रूप से कब्जा कर रहे लोगों को हटाते हुए मकान को खाली कराया गया।
प्रारंभिक जांच में फर्जी दस्तावेज के जरिए कब्जे की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
अवधेश सिंह ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में तुरंत हस्तक्षेप जरूरी है, ताकि किसी की संपत्ति पर अवैध कब्जा न हो सके।






