जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत
जमशेदपुर हाई स्कूल के समीप स्थित बजरंग चाय दुकान की संचालिका मेंहदी कुमारी पर हुए हमले के मामले में एक महत्वपूर्ण प्रगति हुई है. इस मामले में नामजद आरोपी प्रेम कुमार ने जमशेदपुर के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में अपने अधिवक्ता गौरव पाठक एवं साकेत सुमन के माध्यम से आत्मसमर्पण कर दिया. उल्लेखनीय है कि 6 अप्रैल की रात कुछ युवकों द्वारा बजरंग चाय दुकान पर हंगामा किया गया था, जिसके दौरान संचालिका मेंहदी कुमारी पर गर्म चाय फेंक दी गई. इससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं.इस घटना के संबंध में उनके भाई अंकित कुमार द्वारा बिष्टुपुर थाना में अभय तिवारी, सन्नी मिश्रा, प्रेम कुमार सहित अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. घटना के पश्चात छह दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी की गई थी, जिससे आम जनता में असंतोष व्याप्त था तथा शेष आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार मांग की जा रही थी.







