जमशेदपुर का सबसे बड़ा ट्रेड फेयर बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में, खरीदारी के साथ फूड, फैशन, फर्नीचर और ऑटोमोबाइल का शानदार संगम
एक ही जगह पर शॉपिंग, जानकारी और मनोरंजन. 5 अप्रैल तक लोगों के लिए खुला मेला.
जमशेदपुर:शहर के प्रमुख गोपाल मैदान में इन दिनों लगा ग्रैंड ट्रेड फेयर लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. यह ट्रेड फेयर आकार और विविधता के लिहाज से शहर के बड़े आयोजनों में गिना जा रहा है. यहां पहुंचते ही ऐसा महसूस होता है मानो शहर के बीच एक मिनी मॉल तैयार कर दिया गया हो, जहां हर जरूरत की चीज एक ही स्थान पर उपलब्ध है.
मेले की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां छोटी से छोटी जरूरत की वस्तु से लेकर बड़े निवेश तक के कई विकल्प मौजूद हैं. घर सजाने के लिए आधुनिक फर्नीचर, आकर्षक सोफा सेट, बेड, अलमारी और होम डेकोर के स्टॉल लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं. फिटनेस के शौकीनों के लिए होम जिम सेटअप से जुड़े उपकरण भी उपलब्ध हैं.
फैशन प्रेमियों के लिए भी मेले में अच्छी रेंज देखने को मिल रही है. महिलाओं के लिए साड़ी, सूट-सलवार और पारंपरिक परिधान उपलब्ध हैं, जबकि पुरुषों के लिए स्टाइलिश कपड़े और खादी कलेक्शन भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. इसके अलावा बेडशीट, किचन के आधुनिक उपकरण और लाइफस्टाइल से जुड़ी कई उपयोगी चीजें यहां मिल रही हैं.
मेले में प्रॉपर्टी, स्कूल और कॉलेज से जुड़े स्टॉल भी लगाए गए हैं, जहां लोग भविष्य की योजनाओं से संबंधित जानकारी ले रहे हैं. हेल्थ सेक्टर से जुड़े आधुनिक फिजियोथेरेपी उपकरण भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं.
खाने-पीने के शौकीनों के लिए भी यह मेला किसी फूड फेस्टिवल से कम नहीं है. यहां दाल बाटी चूरमा, पाव भाजी, पिज्जा, बर्गर, डोसा, इडली, चाउमीन, समोसा, चाट, टिक्की, पापड़ी और भेलपुरी जैसे कई स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध हैं. साथ ही अफगानी ड्राई फ्रूट्स के स्टॉल भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं.
इसके अलावा ऑटोमोबाइल कंपनियों के स्टॉल भी लगे हैं, जहां लोग नई कार और बाइक की जानकारी लेने के साथ बुकिंग भी कर रहे हैं. कुल मिलाकर यह ट्रेड फेयर खरीदारी, खानपान और मनोरंजन का शानदार संगम बन गया है.
यह मेला 5 अप्रैल तक चलेगा. ऐसे में जो लोग अब तक नहीं पहुंचे हैं, उनके पास इस खास आयोजन का हिस्सा बनने का अभी भी मौका है.







