रामनवमी जुलूस पर मौसम का साया, तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट
रांची: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम केंद्र रांची ने राज्य के लिए अलर्ट जारी करते हुए 27 मार्च से 31 मार्च तक गरज-चमक, तेज हवा और बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में रामनवमी के जुलूस की तैयारियों के बीच बदले मौसम का असर पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 27 मार्च को उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण-पूर्वी और मध्य झारखंड के कई हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की संभावना है। 28 मार्च को भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बारिश होने के आसार हैं।
हालांकि 29 मार्च को राहत मिल सकती है, लेकिन 30 मार्च को फिर से मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। 31 मार्च को भी तेज हवा और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में 27, 28 और 30 मार्च को गरज के साथ बारिश की संभावना है। मौसम केंद्र ने लोगों को वज्रपात से बचने के लिए खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और ऊंचे स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटे में सरायकेला जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो, जमशेदपुर और डालटेनगंज में तापमान 35 डिग्री से अधिक रहा, जबकि रांची का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और गुमला का न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रशासन ने रामनवमी के जुलूस को देखते हुए सतर्कता बरतने और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की अपील की है।







