रांची पुलिस ईद और सरहुल को लेकर अलर्ट पर है. एडीजी खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं.

रांची में तमाम मस्जिदों और ईदगाह में ईद की नमाज बड़ी तादाद में मुसलमान भाइयों ने एक साथ अदा की. सुबह से ही ईदगाह परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. नमाज के दौरान पूरा इलाका भाईचारे, एकता और उत्साह से सराबोर नजर आया. हजारों की संख्या में लोग विशेष नमाज में शरीक हुए, जो ईद के पवित्र त्योहार की शुरुआत का प्रतीक बनी.

वहीं, दूसरी तरफ ईद की सुरक्षा को लेकर रांची पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में रही. शहर का ग्रामीण क्षेत्र हो या फिर शहरी हर मस्जिद में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही. शहर में किस तरह की सुरक्षा व्यवस्था की गई है, इसका जायजा लेने के लिए खुद आईजी रांची सह सीआईडी एडीजी मनोज कौशिक सड़कों पर घूमते नजर आए.

मनोज कौशिक सबसे पहले डोरंडा स्थित ईदगाह पहुंचे और वहां थाना प्रभारी दीपिका से पूरे सुरक्षा मामले की जानकारी ली. इस दौरान पूरे शहर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और फोर्स तैनात रही, जिसमें यातायात पुलिस भी शामिल थी. नमाज के दौरान पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और ड्रोन की मदद से आसपास के इलाकों पर पैनी नजर रखी गई.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई