धनबाद: लोकसभा क्षेत्र में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सांसद ढुल्लू महतो ने एक नई पहल की है. उन्होंने एक सहायता कक्ष यानी हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया. यहां अब लोगों की शिकायतें सीधे दर्ज कर उनका जल्द समाधान किया जाएगा.
धनबाद में सांसद ढुल्लू महतो द्वारा शुरू किया गया यह सहायता कक्ष क्षेत्र की जनता के लिए एक अहम सुविधा के रूप में देखा जा रहा है. इस हेल्प डेस्क के जरिए लोग अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक और प्रशासनिक समस्याओं को एक ही जगह पर दर्ज करा सकेंगे.
लोकतंत्र की असली ताकत जनता में होती है और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनें और उनका समाधान करें. अक्सर छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते हैं, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी होती है:अब इस हेल्प डेस्क के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. साथ ही, हर आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा.





