बच्चा चोरी की अफवाह पर शंकरदा में हड़कंप, बोरे में कपड़े मिलने पर मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति को ग्रामीणों ने रोका
पोटका : क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह जंगल में आग की तरह तेजी से फैल रही है। ग्रामीण क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं है। प्रशासन द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद कई जगहों पर लोग मानसिक रूप से विक्षिप्त या संदिग्ध दिखने वाले लोगों को बच्चा चोरी के शक में परेशान करते नजर आ रहे हैं।
ताजा मामला पोटका थाना क्षेत्र के शंकरदा पंचायत के शंकरदा गांव का है। यहां एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति के बोरे में बच्चे एवं महिला के कपड़े मिलने पर ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया। देखते ही देखते गांव में अफवाह फैल गई और मौके पर सैकड़ों लोग जुट गए।
हालांकि जागरूकता अभियान के कारण ग्रामीणों ने उस व्यक्ति के साथ किसी प्रकार की मारपीट नहीं की। स्थानीय लोगों ने तत्काल पंचायत के मुखिया सरजम मारडी और पोटका थाना को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सब-इंस्पेक्टर कुंदन कुमार को घटनास्थल पर भेजा। पुलिस ने मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति को अपने साथ थाना लाकर पूछताछ की, लेकिन उससे कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका, जिससे उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका जताई जा रही है।
थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने संयम बरतने के लिए शंकरदा के ग्रामीणों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कानून को हाथ में न लें। यदि किसी व्यक्ति पर शक हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। बच्चा चोरी की अफवाह में किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ मारपीट न करें और शांति व संयम बनाए रखें।







