दुमका में बस सेवा ठप: हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से बस मालिक-कर्मी धरने पर, यात्रियों को भारी परेशानी
दुमका: दुमका के अटल बिहारी वाजपेयी बस पड़ाव से मंगलवार को बसों का परिचालन पूरी तरह ठप रहा। बस मालिक और बस कर्मचारी धरने पर बैठ गए हैं, जिसके कारण सुबह से एक भी बस बस स्टैंड से नहीं चली। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल, संथाल परगना मोटर मजदूर संघ के अध्यक्ष अरुण सिंह पर हुए जानलेवा हमले के आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से बस मालिक और कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। इसी के विरोध में सभी बसों का परिचालन रोक दिया गया है और बस पड़ाव पर धरना दिया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि पिछले महीने 24 फरवरी को बाइक सवार दो अपराधियों ने अरुण सिंह पर गोली चला दी थी। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए दुर्गापुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद वह स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं।
हालांकि घटना के 15 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं किए जाने से बस मालिक और कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई है।
धरने के कारण अटल बिहारी वाजपेयी बस पड़ाव का पूरा परिसर वीरान नजर आ रहा है। बसों के बंद रहने से आसपास के जिलों और गांवों में जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
इधर बस पड़ाव के अंदर और आसपास के दुकानदारों ने भी प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया है। कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए हैं, जिससे बस स्टैंड के होटल और अन्य दुकानें भी बंद पड़ी हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अगर जल्द से जल्द हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका आरोप है कि घटना के इतने दिन बाद भी पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जो उनकी सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है।
इसी बीच धरना स्थल पर उस समय हड़कंप मच गया जब भीड़ में मौजूद एक युवक के पास देसी कट्टा देखा गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक का नाम मंगल बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अभी तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि वह वहां कैसे पहुंचा और उसकी मंशा क्या थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।






