चतरा : चतरा जिले के सिमरिया में सोमवार (23 फरवरी 2026) की रात एक बड़ा विमान हादसा हो गया। रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एक एयर एम्बुलेंस खराब मौसम और तकनीकी दिक्कतों के चलते क्रैश हो गई। इस हृदयविदारक घटना में विमान में सवार मरीज, डॉक्टर और पायलट समेत सभी 7 लोगों की मौत हो गई है।
विमान ने रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी, लेकिन शाम 7:34 बजे अचानक एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से उसका संपर्क टूट गया। रडार से गायब होने से ठीक पहले पायलट ने खराब मौसम की वजह से रूट बदलने की अनुमति मांगी थी। विमान वाराणसी से लगभग 100 नॉटिकल मील दूर था जब उसने अंतिम सिग्नल भेजा।
मृतक मरीज संजय कुमार पेट्रोलियम पदार्थ से लगी आग की चपेट में आ गए थे जिससे उनका शरीर 63% तक झुलस गया था। रांची के देवकमल अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद उन्हें वेंटिलेटर और लाइफ सपोर्ट के साथ दिल्ली के हायर सेंटर रेफर किया गया था। परिजनों को उम्मीद थी कि दिल्ली में संजय की जान बच जाएगी लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।







