भुवनेश्वर स्टेशन से रहस्यमय तरीके से गायब युवक का 15 दिनों बाद मिला सीसीटीवी फुटेज
पोटका : कोवाली थाना क्षेत्र के भेलाईडीह गांव निवासी 38 वर्षीय राम दास अपने पांच दोस्तों के साथ चेन्नई चेचिस वाहन पहुंचाने के लिए गए थे। लौटने के क्रम में भुवनेश्वर स्टेशन से उनके अचानक गायब होने की सूचना मिली थी। परिजनों ने कोवाली पुलिस की मदद से भुवनेश्वर जाकर काफी खोजबीन की, लेकिन 15 दिनों तक कोई सुराग नहीं मिल सका।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान ने थाना के एसआई सिदो मुर्मू को राम दास के दोस्तों एवं परिजनों के साथ भुवनेश्वर भेजा। जांच के दौरान स्टेशन प्लेटफार्म में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में राम दास नजर आए हैं।
वर्तमान में परिजन, दोस्त एवं कोवाली पुलिस भुवनेश्वर में उनकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। दोस्तों के अनुसार स्टेशन पर उनकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई थी, जिसके बाद वह कहां चले गए, इसका पता नहीं चल सका। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।






