मीडिया कप क्रिकेट: दोमुहानी XI ने जीता खिताब, आशुतोष के शतक और आनंद के हरफनमौला खेल से दलमा XI पस्त

मीडिया कप क्रिकेट: दोमुहानी XI ने जीता खिताब, आशुतोष के शतक और आनंद के हरफनमौला खेल से दलमा XI पस्त
जमशेदपुर।
कीनन स्टेडियम में आयोजित प्रतिष्ठित मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में Domuhani XI ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Dalma XI को 89 रनों से करारी शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा जमाया।
आशुतोष के तूफानी शतक और आनंद कुमार की सधी हुई बल्लेबाजी के दम पर दोमुहानी XI ने विपक्षी टीम के सामने जीत के लिए रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया।
दोमुहानी XI की विस्फोटक बल्लेबाजी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी दोमुहानी XI ने निर्धारित 20 ओवरों में मात्र 2 विकेट के नुकसान पर 231 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आशुतोष ने आतिशी अंदाज में खेलते हुए 61 गेंदों पर 105 रन बनाए। उनकी पारी में 12 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के शामिल थे।
आनंद कुमार ने उनका बखूबी साथ निभाते हुए 45 गेंदों पर 67 रन (7 चौके, 3 छक्के) की शानदार पारी खेली। शुभदर्शी ने भी महत्वपूर्ण 26 रनों का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने में विफल रही दलमा XI
232 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी दलमा XI की टीम दबाव में नजर आई और 19.2 ओवरों में 142 रनों पर सिमट गई।
टीम की ओर से रंजन ने 29 रन, राकेश झा ने 27 रन और पंकज ने 22 रन बनाए, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
दोमुहानी XI की ओर से गेंदबाजी में मिथुन और अशोक सिंह ने घातक प्रदर्शन करते हुए 2-2 विकेट चटकाए और दलमा की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
पुरस्कार वितरण समारोह में गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी
मैच के बाद आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में शहर की कई गणमान्य हस्तियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आशुतोष को उनके शानदार शतक के लिए ‘बेस्ट बैटर’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए आनंद कुमार को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ के खिताब से नवाजा गया। ललित को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज घोषित किया गया।
समारोह में जेजीएपीसीपीएल के एमडी अभिजीत ए. नानोटी, टीएसयूआईएसएल के एमडी अतुल भटनागर, आधुनिक ग्रुप के सीईओ अरुण कुमार मिश्रा, बलजीत सिंह, समाजसेवी शेखर डे, रुंगटा माइन्स के एडिशनल वीपी गिरधारी लाल पारिख, आरकेएफएल के दिनेश पारिख, आरएसबी के चेयरमैन एस.के. बेहरा, टाटा स्टील कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन से निभा शर्मा, राहुल कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, महासचिव विनय पूर्ति और कोषाध्यक्ष अजय कुमार महतो की अहम भूमिका रही।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार कुमार भवानंद, गणेश मेहता, उत्तम पाठक, बृज भूषण सिंह सहित अनेक मीडियाकर्मी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर उनके खेल की सराहना की।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

पोटका समेत पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप पर भाजपा ने जिला उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, विशेष स्वास्थ्य अभियान चलाने की मांग की, सांसद विद्युत महतो भी रहे मौजूद