सेवा में,
थाना प्रभारी महोदय,
बिरसानगर थाना,
जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम.
विषय : बाइक सवार अज्ञात हमलावर द्वारा चाकू/ब्लेड से हमला कर घायल करने की शिकायत करने के संबंध में.
महाशय,
मैं दीपक कुमार श्रीवास्तव, पिता श्री उदय नारायण श्रीवास्तव, पता – मकान संख्या 120, संध्या विला, न्यू साईं कॉलोनी, पंचमुखी रोड, नजदीक रॉक गार्डेन अपार्टमेंट, गरुड़बासा, थाना – गोविंदपुर, जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम का रहने वाला हूं. झारखंड सरकार के खाद आपूर्ति विभाग के निगरानी विभाग का पूर्व निगरानी सदस्य और झारखंड विकलांग संस्थान का महासचिव हूं।
महोदय, उपर्युक्त विषय के संबंध में कहना है कि मैं दिनांक 17 फरवरी 2026, दिन मंगलवार की सुबह तक़रीबन 10:30 बजे लुपुंगडीह पीडीएस डीलर हेमंत कुमार महतो से राशन के काम से मिलकर अपने घर की की ओर अपनी स्कूटी गाड़ी (चार पहिया वाली दिव्यांगों की गाड़ी) से आ रहा था। इसी दौरान लुपुंगडीह-नूतनडीह के बीच भिंडी बाड़ी के पास ब्लैक कांच वाली बड़े साइज का हेलमेट पहने बाइक सवार दो युवको ने मुझे रोक लिया और गाली गलौज करते हुए एक युवक ने मुझपर चाकू (पेपर कटर ब्लेड) से हमला कर दिया और बोला की बहुत ज्यादा शिकायत करता है। इतना बोलते हुए उसने पहले मेरी छाती (दाहिनी ओर) पर हमला किया, मैं अपनी गाड़ी पर बैठा था, मैं भागने के लिए जैसे ही गाड़ी को बढ़ाया तो युवक चाकू चलाता रहा जिससे मेरी गर्दन की दाई ओर और दाहिने हाथ पर हमला से कट गया। दूसरा युवक जो बाइक लिए थोड़ी दूर (कुछ फिट दूरी पर) पर खड़ा था जिसके साथ हमलावर हुरलूंग पुल की तेज गति से भाग गए। मैं वहां से भागते हुए हुरलूंग पीडीएस डीलर उमाकांत महतो के दुकान पहुंचा, उन्होंने मेरी हालत को देख दवा लगाकर तत्काल अस्पताल जाने की सलाह दी, मैं वहां से घायल अवस्था में टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचा। अस्पताल के इमरजेंसी में मेरा प्राथमिक उपचार किया गया। हमलावर जिस बाइक में थे मैं उसका आधा नंबर ही देख पाया जो JH05D – 7 तक ही देख पाया। वहीं चाकू मारने वाला हमलावर नेवी ब्लू रंग का टी-शर्ट पहना जिसके पीछे की ओर HP लिखा था। हमलावर के हेलमेट के ऊपर बीचों बीच हरे रंग से पट्टी जैसा निशान बना था।
महोदय मैं बताना चाहता हूं कि 12 फरवरी 2026 की शाम करीब 6:30 बजे भी गोविंदपुर थाना अंतर्गत प्रकाशनगर मोड़, न्यू रोड (बंद पड़े पुलिस चेक पोस्ट) के पास लघुशंका करने के दौरान एक बाइक सवार ने मेरे ऊपर इसी तरह चाकू से पीठ पर हमला किया था, बचने के प्रयास में मेरी दाहिनी हाथ में चाकू से कट गया था। मैं चुकि लघुशंका कर रहा था जबतक संभलता तब बाइक सवार अकेला हमलावर मौके से फरार हो गया। इस घटना की मैंने तत्काल सूचना गोविंदपुर थाना को दिया था और 13 फरवरी 2026 को थाना में एक लिखित सनहा दर्ज कराया था। जानकारी के तौर पर मैं बताना चाहता हूं कि इसी दिन सुबह करीब 11 बजे घोड़ाबांधा साईं मंदिर-मनपीटा मोड़ के पास इसी तरह बाइक सवार हेलमेट पहने दो अज्ञात लोग राह चलते एक महिला के साथ छेड़खानी कर रहे थे, मैं मनपीटा की ओर से लौट रहा था, महिला के साथ छेड़खानी कर रहे युवकों का विरोध करते हुए उन्हें डांटा था। युवक मेरे साथ गाली गलौज करने लगे तो मैं वहां से अपनी घर आ गया था, जिसके बाद मेरे ऊपर शाम को हमला की घटना हुई थी।
महोदय, मुझे ऐसी आशंका है इन दोनों घटना में एक ही लोग शामिल है. महोदय, मेरे ऊपर ये दोनों हमला होने से मैं और मेरा परिवार काफी डरा हुआ है।
मैं एक दिव्यांग व्यक्ति हूं, वैशाखी के सहारे ही चलता हूं, मुझे मेरे जान माल की हानि होने की आशंका है। अतः श्रीमान से आग्रह है मेरे जान माल की रक्षा करते हुए इन अज्ञात हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई करने की कृपा करें। महोदय मैं यह शिकायत प्राथमिक मुकदमा दर्ज करने के तौर पर प्रस्तुत कर रहा हूं।






