आज शहीद गंगा नारायण सिंह सामुदायिक भवन में शहीदों के सम्मान में एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चून्नू भूमिज ने की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में सुबोध श्रीवास्तव (जदयू, पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष) एवं अजय कुमार (जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष) शामिल रहे।
इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने सभा को संबोधित करते हुए शहीदों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि जो वीर जवान देश और नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर देते हैं, वे सच्चे अर्थों में शहीद की श्रेणी में आते हैं। उनका बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
यह शहीद सम्मान कार्यक्रम विशेष रूप से पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों की स्मृति को समर्पित था। कार्यक्रम के दौरान 501 दीप प्रज्वलित कर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
इस अवसर पर बुद्धेश्वर कर्मकार, रवि ठाकुर, अशोक सिंह, राजू कर्मकार, दिनेश महतो, पूजा भूमि, मालती कर्मकार सहित सैकड़ों नागरिक उपस्थित थे।






