नक्सल हमले के खतरे को लेकर सतर्क हुआ पुलिस मुख्यालय — विधायकों और मंत्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष निर्देश जारी

नक्सल हमले के खतरे को लेकर सतर्क हुआ पुलिस मुख्यालय — विधायकों और मंत्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष निर्देश जारी

रांची: झारखंड में नक्सलियों के संभावित हमले को देखते हुए पुलिस मुख्यालय अलर्ट मोड में आ गया है। विधानसभा सत्र के दौरान विधायकों और मंत्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, विधानसभा सत्र 18 फरवरी को आयोजित होना है। इस बीच 17 फरवरी को नक्सलियों ने बंद का ऐलान किया है। ऐसे में विधायक और मंत्री 17 व 18 फरवरी के बीच अपने-अपने क्षेत्र से रांची पहुंचेंगे। पुलिस मुख्यालय ने आशंका जताई है कि इस दौरान माओवादी या आपराधिक तत्व किसी प्रकार की वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
इस स्थिति को देखते हुए सभी जिलों में संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ाने, प्रमुख मार्गों पर गश्ती दल तैनात करने और आसूचना तंत्र को सशक्त बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

क्या है पूरा मामला:
झारखंड विधानसभा सत्र के दौरान विधायकों और मंत्रियों के मूवमेंट के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर के एसपी को विशेष अलर्ट जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि माओवादी या आपराधिक तत्वों द्वारा हमले की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

संवेदनशील स्थलों की सूची (पुलिस मुख्यालय द्वारा चिन्हित स्थान):

रांची-बुंडू-तमाड़ मार्ग पर तैमारा घाटी

रांची-हजारीबाग-कोडरमा मार्ग पर चुटुपालू, चरही, तिलैया घाटी और नेशनल पार्क क्षेत्र

रांची-सिमडेगा-गुमला मार्ग पर कोलेबिरा जंगल

खूंटी-चाईबासा सड़क पर बंदगांव जंगल घाटी

रांची-लातेहार-पलामू मार्ग पर आमझरिया, टुडामू, मनिका घाटी

डालटेनगंज-छतरपुर-हरिहरगंज सड़क मार्ग

नेतरहाट-महुआडांड़-गोला-बोकारो पेलावल मार्ग
चौपारण मार्ग

अलर्ट पर रही पुलिस:
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि विधानसभा सत्र के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखी जाए। विशेष रूप से घाटियों, जंगलों और संवेदनशील इलाकों में गश्ती दलों की संख्या बढ़ाने तथा लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई