खरकाई ने डिमना को 4 रन से हराया, जुबली ने कलीमाटी को 6 विकेट से दी शिकस्त
जमशेदपुर :कीनन स्टेडियम में खेले जा रहे मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के दो मुकाबलों में दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिला। पहले मुकाबले में खरकाई इलेवन ने डिमना इलेवन को 4 रन से पराजित किया, जबकि दूसरे मैच में जुबली ने कलीमाटी को 6 विकेट से हराकर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
रंधीर की शानदार पारी से खरकाई की जीत
पहले मैच में खरकाई इलेवन ने निर्धारित 15 ओवर में 2 विकेट पर 141 रन बनाए। रंधीर सिंह ने 39 गेंदों पर 57 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि बाबू वसीम ने 28 गेंदों पर 37 रन जोड़े। दोनों के बीच हुई मजबूत साझेदारी से टीम बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।
डिमना की ओर से राज पी. (3 ओवर, 25 रन, 1 विकेट) और विवेक (3 ओवर, 21 रन, 1 विकेट) ने किफायती गेंदबाजी की।
लक्ष्य का पीछा करते हुए डिमना इलेवन 15 ओवर में 5 विकेट पर 137 रन ही बना सकी। रंजीत ने 38 गेंदों पर 49 रन और गुलशन ने 21 गेंदों पर 30 रन बनाए, लेकिन टीम जीत से 4 रन दूर रह गई।
खरकाई की ओर से ललित ने 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट झटककर मैच का रुख पलट दिया।
इस मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी के लिए रंधीर सिंह को वरीय पत्रकार गणेश मेहता ने मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया।
चाणक्य के ऑलराउंड प्रदर्शन से जुबली की मजबूत जीत
दूसरे मुकाबले में कलीमाटी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 4 विकेट पर 122 रन बनाए। रत्नेश तिवारी ने 43 गेंदों पर 57 रन (6 चौके, 1 छक्का) की प्रभावी पारी खेली।
जुबली की ओर से चाणक्य शाह ने 3 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट लेकर कलीमाटी को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका।
जवाब में जुबली की टीम ने 12.5 ओवर में 4 विकेट पर 125 रन बनाकर मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम कर लिया। प्रतीक ने 29 गेंदों पर 34 रन (6 चौके) की तेजतर्रार पारी खेली।
कलीमाटी की ओर से रोहन ने 2.5 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट लिए।
चाणक्य शाह को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन (नाबाद 32 रन व 2 विकेट) के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार वरीय पत्रकार डॉ. संजय मिश्रा ने प्रदान किया।






