झारखंड* में नगर निकाय चुनाव की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। पाकुड़, हजारीबाग और बोकारो जिलों में जिला एवं पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष, निर्भीक और स्वतंत्र मतदान सुनिश्चित करने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। तीनों जिलों में चुनाव से जुड़ी बैठकों का आयोजन किया गया, जिसमें मतदान, सुरक्षा व्यवस्था और आदर्श आचार संहिता के पालन पर विस्तृत चर्चा हुई।
पाकुड़: 42 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
नगर परिषद पाकुड़ में उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि कुल 21 वार्डों में 42 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 2 अतिसंवेदनशील और 4 संवेदनशील बूथों को चिह्नित किया गया है।
एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि “मतदाता निर्भीक होकर मतदान करें, प्रशासन पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। आचार संहिता उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई होगी।”
उपायुक्त ने बताया कि 16 कोषांग गठित की गई हैं और स्ट्रांग रूम से लेकर बैलेट पेपर तक की तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
हजारीबाग: 1.77 लाख मतदाता, 160 मतदान केंद्र
हजारीबाग में चुनावी डुगडुगी बज चुकी है। उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने बताया कि “सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, मतदाता शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करें।”
यहां कुल 1,77,437 मतदाता हैं, जिनमें 90,042 पुरुष, 87,394 महिलाएं और एक तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।
महापौर पद अत्यंत पिछड़ा वर्ग-1 के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि कुल 36 वार्डों में पार्षदों का चुनाव होगा।
महापौर पद के लिए अधिकतम खर्च सीमा ₹15 लाख और पार्षद पद के लिए ₹3 लाख तय की गई है।
एसपी ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया की निगरानी के लिए विशेष टीम बनाई गई है, जो पैसे और शराब के वितरण जैसे मामलों पर नज़र रखेगी।
बोकारो: 29 जनवरी से नामांकन, 23 फरवरी को मतदान
बोकारो जिले में डीसी अजय नाथ झा और एसपी हरविंदर सिंह ने तैयारियों की समीक्षा की।
चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में कुल 195 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
नामांकन प्रक्रिया 29 जनवरी से 4 फरवरी तक चलेगी, जांच 5 फरवरी को होगी, नाम वापसी 6 फरवरी और चुनाव चिन्हों का आवंटन 7 फरवरी को किया जाएगा।
मतदान 23 फरवरी 2026 को सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी को की जाएगी।
एसपी हरविंदर सिंह ने कहा, “संवेदनशील केंद्रों पर विशेष बल की तैनाती की जाएगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो।”
*चुनाव कैलेंडर एक नज़र में
तिथि
कार्यक्रम*
28 जनवरी 2026
अधिसूचना जारी
29 जनवरी – 4 फरवरी
नामांकन प्रक्रिया
5 फरवरी
नामांकन पत्रों की जांच
6 फरवरी
नाम वापसी की अंतिम तिथि
7 फरवरी
चुनाव प्रतीक का आवंटन
23 फरवरी
मतदान (सुबह 7 से शाम 5 बजे तक)
27 फरवरी
मतगणना







