शहर की ध्वस्त विधि व्यवस्था, बढ़ते अपराध एवं अपहरण की घटना पर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने शासन-प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा, एसएसपी कार्यालय पर किया आक्रोश प्रदर्शन
● सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, विधायक पूर्णिमा साहू व अन्य नेताओं ने सरकार के खिलाफ बोला हमला
जमशेदपुर। राज्य की औद्योगिक राजधानी के रूप में पहचाने जाने वाले जमशेदपुर में इन दिनों अपराध का ग्राफ लगातार चिंताजनक स्तर पर पहुंचता जा रहा है। ध्वस्त होती विधि-व्यवस्था, बढ़ते आपराधिक घटना और शहर में हो रही अपहरण जैसी गंभीर वारदातों को लेकर आमजन में भय का माहौल है। इन हालातों के विरोध में राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी ने शासन-प्रशासन के खिलाफ निर्णायक मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने प्रशासन की नाकामी के खिलाफ सड़क पर उतरकर एसएसपी कार्यालय के समक्ष आक्रोश-प्रदर्शन कर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक आक्रोश मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर जिला प्रशासन की निष्क्रियता और झामुमो–कांग्रेस सरकार की उदासीनता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोश प्रदर्शन में सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले समेत कई प्रमुख नेताओं एवं कार्यकताओं ने शामिल होकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।
*झामुमो-कांग्रेस सरकार में अपराधियों का राज: विद्युत महतो*
आक्रोश प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि जमशेदपुर में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध, छिनतई, नशा के कारोबार, चोरी और अपहरण की घटनाओं ने पूरे शहर को दहशत में डाल दिया है। यह स्थिति चिंताजनक है कि औद्योगिक नगरी जमशेदपुर, जो शांति, अनुशासन और मेहनतकश लोगों के लिए जानी जाती थी, आज अपराधियों की गिरफ्त में जाती दिखाई दे रही है। पिछले कुछ महीनों में जिस तरह अपराधी बेलगाम हुए हैं, उससे आम नागरिक और व्यापारी और उद्योग जगत भी भयभीत हैं। झामुमो-कांग्रेस सरकार की उदासीनता और पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता ने अपराधियों का मनोबल बढ़ा दिया है। यदि यही हालात बने रहे तो एक शांत औद्योगिक शहर अपराधियों के हवाले हो जाएगा।
*अबुआ राज में अपराध चरम पर: डॉ गोस्वामी*
झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि झामुमो गठबंधन सरकार के ‘अबुआ राज’ में राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। चोरी, डकैती, हत्या और अपहरण की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में वरीय पुलिस अधीक्षक के आवास के पास से एक युवा उद्यमी का दिनदहाड़े अपहरण होना सरकार और पुलिस प्रशासन की गंभीर विफलता को दर्शाता है। इससे स्पष्ट है कि अपराधियों का मनोबल बढ़ चुका है और उन्हें कानून का कोई भय नहीं है। डॉ गोस्वामी ने आरोप लगाया कि राज्य में बालू तस्करी, अवैध लॉटरी और पशु तस्करी पर सरकार पूरी तरह नियंत्रण खो चुकी है। संगठित अपराध खुलेआम फल-फूल रहे हैं, जबकि प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार से अपराध पर तत्काल प्रभावी नियंत्रण लगाने और जमशेदपुर से अपहृत युवा उद्यमी को शीघ्र सकुशल मुक्त कराने की मांग की।
*प्रशासन की सुस्ती से अपराधियों का बढ़ा मनोबल: पूर्णिमा साहू*
वहीं, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की यह अंतिम चेतावनी है। यदि जिला प्रशासन ने तत्काल कानून-व्यवस्था नहीं सुधारी, तो आम जनता के साथ उग्र आंदोलन, एसएसपी कार्यालय के सामने पुतला दहन और निर्णायक संघर्ष किया जाएगा। हाल के दिनों में शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी के बेटे के साथ-साथ सिदगोड़ा के एक मजदूर का नाबालिग बेटा भी लापता है। माता-पिता को सिदगोड़ा और साकची थाने के बीच तीन दिन तक घुमाया गया। आज नौ दिन बीत चुके हैं, दोनों थानों और एसएसपी को जानकारी होने के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला है। सिदगोड़ा में महिला विद्यालय के पास शराब दुकान खोलना झामुमो-कांग्रेस सरकार के चरित्र को उजागर करता है। विधायक पूर्णिमा साहू ने हेलमेट जांच के नाम पर विभिन्न गलियों में बनाए गए चेकिंग पॉइंट तुरंत हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गो-तस्करी तेजी से बढ़ रही है, शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही। कहा कि प्रशासन अपराधियों में भय पैदा कर जनता में सुरक्षा का विश्वास बहाल करें तभी जमशेदपुर विकास और शांति के रास्ते पर आगे बढ़ पाएगा।
प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद ने शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और अपहरण की घटना पर आक्रोश जताया और कहा कि जमशेदपुर जैसे शांत और औद्योगिक शहर में अपराधियों का इस तरह बेखौफ होना यह साबित करता है कि शासन-प्रशासन पूरी तरह बेबस और लाचार हो गयी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अविलंब कानून-व्यवस्था बहाल कर अपहरण के मामलों का खुलासा नहीं किया गया तो भाजपा जमशेदपुर से लेकर रांची तक निर्णायक आंदोलन करेगी।
भाजपा जमशेदपुर महानगर के अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि 96 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद युवा उद्यमी के अपहरणकर्ताओं का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है। उन्होने आरोप लगाया कि प्रशासन के सुस्त रवैये और भ्रष्ट मानसिकता ही अपराधियों का मनोबल बढ़ा रही है, जिसके कारण वे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। संजीव सिन्हा ने कहा कि झामुमो-कांग्रेस सरकार की ढुलमुल और कमजोर नीतियों के कारण आज जमशेदपुर समेत पूरा झारखंड अराजकता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा इस तरह शहर को बर्बाद होते नहीं देख सकती है। आने वाले दिनों में जिला प्रशासन ने अगर कोई प्रभावी और जमीन पर दिखने वाली कार्रवाई नहीं की, तो भाजपा चरणबद्ध आंदोलन करेगी और जनता को साथ लेकर सड़कों पर उतरेगी।
आक्रोश प्रदर्शन को पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, अभय सिंह, रामबाबू तिवारी, बिनोद सिंह, गुंजन यादव, मनोज सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, राजन सिंह ने भी संबोधित किया। आक्रोश प्रदर्शन में कार्यक्रम संचालन जिला महामंत्री अनिल मोदी एवं धन्यवाद ज्ञापन साकची पश्चिम मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह ने किया।
आक्रोश प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, अभय सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, बिनोद सिंह, रामबाबू तिवारी, राजकुमार श्रीवास्तव, दिनेश कुमार, गूँजन यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य में मनोज सिंह, मिथिलेश सिंह यादव, अनिल सिंह, जटाशंकर पांडेय, कुलवंत सिंह बंटी, कल्याणी शरण, राजन सिंह, नीरज सिंह, जिला पदाधिकारी में बबुआ सिंह, राजीव सिंह, प्रदीप महतो, रेणु शर्मा, अनिल मोदी, संजीव सिंह, पप्पू सिंह, मिली दास, कृष्णा शर्मा काली, प्रेम झा, संजीत चौरसिया, ज्ञान प्रकाश, बिनोद सिंह, उज्ज्वल सिंह, किशोर ओझा, नीतीश कुशवाहा, नीलू मछुआ, मंजीत सिंह, मुचिराम बाउरी, अमित अग्रवाल, प्रदीप मुखर्जी, अमिताभ सेनापति, लकी सिंह राजपूत, काजू सांडिल समेत मंडल अध्यक्ष बिनोद राय, प्रशांत पोद्दार, मारुति नंदन पांडेय, अजीत सिंह, रविन्द्र सिसोदिया, रंजीत सिंह, पप्पू उपाध्याय, कुमार अभिषेक, रितेश झा, बापन बनर्जी, रंजीत सिंह, युवराज सिंह, हन्नु जैन, अमित मिश्रा, आनंद कुमार, हरिकिशोर तिवारी, अप्पा राव,राकेश सिंह, शैलेश गुप्ता, शशांक शेखर, चिंटू सिंह, सतवीर सिंह सोमू, अशोक सामंत, अभिषेक श्रीवास्तव, रीना चौधरी, ममता भूमिज, मीरा शर्मा, रमेश विश्वकर्मा, सतीश सिंह, लीना चौधरी समेत हजारों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।







