बारीडीह ट्यूब कॉलोनी के के-2 क्वार्टर से बाइक चोरी, CCTV में कैद हुए चोर
जमशेदपुर के बारीडीह स्थित ट्यूब कॉलोनी के के-2 क्वार्टर से बाइक चोरी की घटना सामने आई है। चोरी की यह वारदात टाटा स्टील के कर्मचारी कारण कुमार महतो के क्वार्टर में हुई है।
पीड़ित कारण कुमार महतो ने बताया कि रात करीब 12 बजे तक घर के सभी लोग जाग रहे थे। इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि करीब 12 बजे चोर क्वार्टर की छत पर चढ़कर घर के अंदर झांकते हुए रेकी कर रहे हैं।
कारण के अनुसार, बाइक चोरी की घटना रात 2 बजे के बाद अंजाम दी गई। चोरी के बाद जब सुबह जानकारी मिली तो आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने कॉलोनी में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।






