चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला गोईलकेरा प्रखंड क्षेत्र से सामने आया ह, जहां सोमवार देर रात हाथी के हमले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया है।
जानकारी के अनुसार रात करीब साढ़े दस बजे जंगली हाथियों ने रिहायशी इलाके में घुसकर हमला कर दिया। इस हमले में पिता और उसके दो बच्चों की मौके पर ही जान चली गई। मृतकों की पहचान कुंदरा बाहदां, कोदमा बाहदां और सामू बाहदां के रूप में की गई है। वहीं इसी घटना में एक बच्ची जिंगीं बाहदां गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए ओडिशा के राउरकेला रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता राशि के रूप में 20 हजार रुपये प्रदान किए गए। साथ ही जरूरी कागजी प्रक्रिया भी पूरी की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथियों के हमले से क्षेत्र में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें छह मौतें अकेले गोईलकेरा प्रखंड में हुई हैं। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।






