शिवम शिल्प कला संस्था ने नीमडीह के ग्रामीण क्षेत्रों में किया सेवा कार्य
जमशेदपुर/नीमडीह।
संस्था शिवम शिल्प कला, सोनारी की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जमशेदपुर के नीमडीह क्षेत्र अंतर्गत सुदूर ग्रामीण इलाकों में जाकर जरूरतमंद लोगों के बीच सेवा कार्य किया गया। ठंड के मौसम को देखते हुए बच्चों, बुजुर्गों एवं ग्रामीण परिवारों के बीच गर्म वस्त्र, कपड़े तथा बच्चों के लिए खाद्य पदार्थों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाया गया तथा उन्हें अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए प्रेरित किया गया। संस्था की अध्यक्ष मधु सिंह ने कहा कि यह वितरण संस्था द्वारा किया गया एक छोटा-सा प्रयास है, जिसका मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और उनके जीवन में थोड़ी राहत पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के बीच नृत्य, गायन एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिससे बच्चों का मनोबल बढ़ा और उनमें खासा उत्साह देखने को मिला।
इस सेवा कार्य में संस्था की ओर से निशा सिंह, आभा झा, लकी, माधुरी, चमन गिल, जय, हर्षा सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और सभी ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।






