सरमन्दा में तेज रफ्तार डंपर ने पुलिस बस व कार को मारी टक्कर, 8–10 जवान घायल
पोटका : पोटका थाना क्षेत्र के सरमन्दा गांव के समीप एक तेज रफ्तार डंपर ने पुलिस जवानों से भरी बस और एक कार को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 8 से 10 पुलिस जवान घायल हो गए, जबकि बस और कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पोटका पुलिस को जानकारी दी। सूचना पाकर पोटका थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायल जवानों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। वहीं कार में सवार तीन लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि मुसाबनी सीटीसी के प्रशिक्षित जवान सरायकेला स्थित शहीद स्थल में मुख्यमंत्री सुरक्षा ड्यूटी संपन्न कर बस से मुसाबनी लौट रहे थे। इसी दौरान सरमन्दा के पास तेज रफ्तार डंपर ने बस और कार को टक्कर मार दी।
पुलिस ने मौके से डंपर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना शुक्रवार की रात की बताई जा रही है।







