*ज्ञान तभी सार्थक जब उसका उपयोग समाज के हित में हो : राज्यपाल गंगवार*

*ज्ञान तभी सार्थक जब उसका उपयोग समाज के हित में हो : राज्यपाल गंगवार*

*जमशेदपुर* राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि ज्ञान तभी सार्थक है, जब उसका उपयोग समाज और राष्ट्र के कल्याण में किया जाए। राज्य के समग्र विकास में तकनीकी रूप से दक्ष मानव संसाधन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

राज्यपाल सोमवार को एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।

एनआईटी से अपेक्षा — तकनीकी विशेषज्ञों के साथ जिम्मेदार नागरिक भी गढ़ें

राज्यपाल ने कहा कि एनआईटी जैसे संस्थानों से यह अपेक्षा है कि वे केवल कुशल इंजीनियर ही नहीं, बल्कि उत्तरदायी और संवेदनशील नागरिक भी तैयार करें।

उन्होंने उपाधिधारक विद्यार्थियों से कहा कि जिस ज्ञान और कौशल के आधार पर डिग्री प्राप्त की है, उसे केवल व्यक्तिगत उन्नति का साधन न बनाएं, बल्कि इसे समाज की समस्याओं के समाधान, उद्योगों के विकास और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में लगाएं।

 

*तकनीकी दक्षता के साथ नैतिकता और मानवीय मूल्य भी जरूरी*

 

राज्यपाल गंगवार ने कहा कि तकनीकी दक्षता के साथ नैतिकता, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्य हर विद्यार्थी के व्यक्तित्व की आधारशिला होने चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है और डिजिटल लेन-देन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। ऐसे में तकनीकी संस्थानों और वैज्ञानिकों की भूमिका विकसित भारत के निर्माण में अहम होगी।

जमशेदजी टाटा और रतन टाटा के मूल्यों से प्रेरणा लेने की अपील

राज्यपाल ने कहा कि जमशेदजी टाटा द्वारा प्रतिपादित मूल्य और रतन टाटा द्वारा उन्हें वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास, हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित नहीं, बल्कि नवाचार, अनुसंधान और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का समन्वित स्वरूप है। एनआईटी जमशेदपुर ने देश की वैज्ञानिक प्रगति में अभूतपूर्व योगदान दिया है।

 

*बेटियां दिखा रही हैं सफलता का नया आयाम : राज्यपाल*

 

राज्यपाल ने कहा कि वे कई संस्थानों के दीक्षांत समारोह में जाते हैं, जहां स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली छात्राओं की संख्या अधिक होती है। यह हमारी बेटियों की प्रतिभा, क्षमता और आत्मविश्वास का प्रमाण है तथा विकसित भारत की झलक भी प्रस्तुत करता है।

 

*मंत्री दीपक बिरूआ ने दी शुभकामनाएं*

 

कार्यक्रम में उपस्थित भू-राजस्व मंत्री दीपक बिरूआ ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई