राष्ट्रपति के रूट लाइन में टायरों में लगी आग, बड़ा हादसा टला

राष्ट्रपति के रूट लाइन में टायरों में लगी आग, बड़ा हादसा टल

जमशेदपुर, संवाददाता

जमशेदपुर के जुगसलाई में रविवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राष्ट्रपति के प्रस्तावित रूट लाइन में सड़क किनारे रखे टायरों में भीषण आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे शहर में सड़क किनारे लगे फुटपाथी दुकानदारों को हटाया गया है। इसी क्रम में जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत फाटक गोल चक्कर के पास टायर बेचने वाले फुटपाथी दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर टायरों को रेलवे बाउंड्री के पीछे रख दिया था।

रविवार शाम स्थानीय युवकों ने देखा कि रेलवे बाउंड्री के पीछे, रेलवे ट्रैक से कुछ ही दूरी पर रखे टायरों में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना जुगसलाई थाना और अग्निशमन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही टाटा स्टील की दो दमकल गाड़ियां और झारखंड अग्निशमन विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बताया जा रहा है कि महामहिम राष्ट्रपति इसी मार्ग से होकर करंडीह दिसोम जाहेरथान जाएंगी और वापसी भी इसी रास्ते से होगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगाने में किसी असामाजिक तत्व की भूमिका हो सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई