रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बुधवार को रांची स्थित पार्टी के केंद्रीय कैंप कार्यालय में प्रेसवार्ता का आयोजन किया. उन्होंने केंद्र की बीजेपी सरकार और राज्य के भाजपा नेतृत्व पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु के जन्म से ठीक 24 घंटे पहले राज्य सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाते हुए ‘पेसा कानून’ को कैबिनेट की मंजूरी दे दी है. सुप्रियो भट्टाचार्य ने इसे केवल कानून नहीं बल्कि आदिवासी समाज की जीवनशैली, संस्कृति और लोकतांत्रिक आत्मा बताया है.
केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्या ने कहा ‘पेसा’ केवल कानून नहीं है, यह धरती की वंदना है, जल की वंदना है और मातृशक्ति की वंदना है. उन्होंने कहा कि मानव इतिहास की पहली लोकतांत्रिक नींव आदिवासी समाज ही ने रखी थी. यहां समुदाय, प्रकृति और सहभागिता को सर्वोच्च स्थान दिया गया है. सुप्रियो भट्टाचार्या ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि आज बीजेपी संसद में संख्या बल के आधार पर लोकतांत्रिक मूल्यों को खत्म कर रही है, ऐसे में ‘पेसा कानून’ उसका सबसे मजबूत जवाब है.





