प्रेस विज्ञप्ति
सांसद खेल महोत्सव का भव्य समापन कल माइकल जॉन ऑडिटोरियम मे
जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम “सांसद खेल महोत्सव” का भव्य समापन समारोह कल दिनांक 25 दिसंबर 2025 को माइकल जॉन ऑडिटोरियम, बिस्टुपुर में संपन्न होगा। यह आयोजन श्रद्धेय पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत 24 सितंबर 2025 को की गई थी। लगभग एक माह से अधिक समय तक चले इस आयोजन में हजारों खिलाड़ियों ने पंजीकरण कर जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों एवं नगर क्षेत्रों से भाग लिया।
इस खेल महोत्सव के अंतर्गत नौ विभिन्न खेल विधाओं को शामिल किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, योगासन, फुटबॉल, आर्चरी एवं ताइक्वांडो शामिल हैं। प्रतियोगिताओं में बालक-बालिका, युवा एवं वरिष्ठ वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
महोत्सव के दौरान सभी वर्गों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा और खेलों के प्रति रुचि और अधिक प्रबल हुई।
समापन समारोह के अवसर पर देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का ऑनलाइन संबोधन एवं मार्गदर्शन प्राप्त होगा, जिसमें वे खिलाड़ियों एवं युवाओं को संबोधित करेंगे।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य रूप से जमशेदपुर के सांसद श्री बिद्युत बरण महतो, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक श्री सरयू राय, विधायक श्रीमती पूर्णिमा साहू, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री सुधांशु ओझा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच, खेल प्रशिक्षक, खेल प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया जाएगा।
यह आयोजन अटल जी के युवा, खेल एवं राष्ट्र निर्माण के विचारों को समर्पित है तथा “स्वस्थ भारत, सशक्त भारत” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।





