========================
*जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर*
*प्रेस विज्ञप्ति- 899/2025*
*22 दिसम्बर 2025*
==========================
*उपायुक्त के निर्देशानुसार परिवहन कार्यालय द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जा रहा वाहन जांच अभियान, नियमों की अनदेखी पर 22 छोटे- बड़े वाहनों से वसूला गया 2 लाख रु. से ज्यादा का जुर्माना
*नागरिकों से अपील- वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनुपालन करें, हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें*
——————————————-
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार जिला परिवहन कार्यालय द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता को लेकर गालूडीह और नेशनल हाईवे (NH) के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। जिला मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) श्री सूरज हेंब्रम के नेतृत्व में चलाये गए जांच अभियान में हेलमेट से लेकर ओवरलोडिंग तक की जांच की गई। जांच अभियान के दौरान टीम ने मुख्य रूप से दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का प्रयोग, कार में सीट बेल्ट, और वाहनों की खिड़कियों पर अवैध रूप से लगी ‘ब्लैक फिल्म’ की सघन जांच की। इसके अलावा, स्कूली वैन और बसों में क्षमता से अधिक बच्चों एवं सवारियों को बैठाने (ओवरलोडिंग) के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की गई।
जांच अभियान के दौरान नेशनल हाईवे पर दौड़ रहे 100 से अधिक वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की गई। इस दौरान यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले 26 वाहन चालकों पर जुर्माना लगाते हुए कुल 209650 हजार रुपये का राजस्व वसूला गया।
*ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं को रोकना लक्ष्य*
एमवीआई ने बताया कि अक्सर देखा जाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सड़क सुरक्षा नियमों की भारी अनदेखी करते हैं, जिससे जानमाल की क्षति होती है। जिला प्रशासन का उद्देश्य जुर्माने से अधिक लोगों को जागरूक करना और सड़कों को सुरक्षित बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर यह जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। अभियान के सफल संचालन में सड़क सुरक्षा टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
==========================
*Team PRD (East Singhbhum)*
==========================






