फूलों की कलाकृति से सजेगा जमशेदपुर, 35वीं वार्षिक फ्लावर शो का आयोजन 28 दिसंबर से

फूलों की कलाकृति से सजेगा जमशेदपुर, 35वीं वार्षिक फ्लावर शो का आयोजन 28 दिसंबर से
जमशेदपुर। शहर में एक बार फिर फूलों की खुशबू और रंग-बिरंगी कलाकृतियों से सजी बगिया लोगों को आकर्षित करेगी। हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी जमशेदपुर की ओर से बहुप्रतीक्षित 35वीं वार्षिक फ्लावर शो का आयोजन 28 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक गीपाल महार होती मैदान में किया जाएगा। यह पुष्प प्रदर्शनी शहर की समृद्ध बागवानी परंपरा, रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को दर्शाने वाला एक मनमोहक आयोजन होगा।
इस वर्ष फ्लावर शो की थीम “टॉपिएरी” रखी गई है, जबकि शो का स्लोगन है —
“फैली है फूलों की कलाकृति, यही है जमशेदपुर की संस्कृति”, जो फूलों की सुंदरता के साथ शहर की सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करता है।
फ्लावर शो का उद्घाटन 28 दिसंबर 2025 को दोपहर 2 बजे किया जाएगा। उद्घाटन के दिन प्रदर्शनी शाम 9 बजे तक खुली रहेगी। वहीं 29 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक यह प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी।
फ्लावर शो को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी जमशेदपुर की अध्यक्ष श्रीमती सुमिता नुपुर, महासचिव डॉ. अनुराधा महापात्रा सहित सभी कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
प्रमुख आकर्षण
फ्लावर शो प्रतियोगिता कुल 10 वर्गों में आयोजित की जाएगी, जिसमें 208 श्रेणियां शामिल होंगी। इसमें उत्कृष्ट पुष्प, सब्जी, फल, औषधीय एवं ऑर्नामेंटल पौधों के साथ नवीन डिजाइनों की प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें शौकिया प्रतिभागियों एवं विभिन्न संस्थानों की भागीदारी रहेगी।
कोलकाता, भुवनेश्वर, रांची, पुणे, कालिम्पोंग सहित कई शहरों से आए प्रसिद्ध बागवानी विशेषज्ञों की भागीदारी इस शो को और खास बनाएगी। प्रदर्शनी में 41 नर्सरी स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां पौधे और बागवानी से जुड़ी सामग्री उपलब्ध होगी, वहीं करीब 15 फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
कार्यक्रम विवरण
28 दिसंबर 2025
फ्लावर शो प्रतियोगिता: सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक
उद्घाटन समारोह: दोपहर 3:30 बजे से 4:30 बजे तक
29 दिसंबर 2025
सिट एंड ड्रॉ प्रतियोगिता: सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक
तकनीकी कार्यशाला: सुबह 11 बजे से 12:30 बजे तक एवं दोपहर 2:30 बजे से 4 बजे तक
सांस्कृतिक कार्यक्रम: शाम 6 बजे से 7 बजे तक
30 दिसंबर 2025
तकनीकी कार्यशाला: सुबह 11 बजे से 12:30 बजे तक एवं दोपहर 2:30 बजे से 4 बजे तक
सांस्कृतिक कार्यक्रम: शाम 6 बजे से 7 बजे तक
31 दिसंबर 2025
पुरस्कार वितरण समारोह: शाम 4 बजे से 5 बजे तक
1 जनवरी 2026
फ्लावर शो का समापन: रात 9 बजे
आयोजकों ने विश्वास जताया कि 35वीं वार्षिक फ्लावर शो शहरवासियों और पर्यटकों के लिए एक यादगार और भव्य अनुभव साबित होगी। हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी जमशेदपुर ने सभी नागरिकों और प्रकृति प्रेमियों से इस पुष्प महोत्सव में शामिल होकर प्रकृति की गोद में नववर्ष का स्वागत करने की अपील की है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई