घने कोहरे के चलते उड़ानों पर असर, इंडिगो और दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली : घने कोहरे को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने शनिवार सुबह यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि हवाई अड्डों के आसपास कम दृश्यता के कारण उड़ान सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इंडिगो ने जानकारी दी है कि रांची, जम्मू और हिंडन हवाई अड्डों पर घने कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव संभव है। एयरलाइन ने कहा कि मौसम पर लगातार नजर रखी जा रही है और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी समय-समय पर लेते रहें। इंडिगो ने कहा कि उसकी टीमें यात्रियों की मदद के लिए हर समय उपलब्ध हैं और जल्द ही मौसम साफ होने के साथ सामान्य संचालन की उम्मीद है। वहीं दिल्ली एयरपोर्ट ने भी सोशल मीडिया पर बताया कि यहां लो विजिबिलिटी से जुड़ी प्रक्रियाएं लागू की गई हैं। हालांकि सभी उड़ानें फिलहाल सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ताजा अपडेट के लिए अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें।
इस बीच नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइनों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि कोहरे के कारण उड़ानों में देरी या बदलाव की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए। मंत्रालय ने समय पर फ्लाइट जानकारी देने, लंबी देरी पर भोजन और रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था, रद्द उड़ानों पर री-बुकिंग या रिफंड, दिव्यांग यात्रियों की सहायता और समय पर शिकायतों के समाधान जैसे नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा है। नियमों के सही और एकसमान पालन की जिम्मेदारी डीजीसीए को सौंपी गई है। मंत्रालय ने दोहराया है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।






