जमशेदपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन: सीतारामडेरा व मानगो से 6 तस्कर गिरफ्तार, 60 पुड़िया ब्राउन शुगर जब्
जमशेदपुर : पुलिस ने शहर में नशे के अवैध कारोबार पर एक और कड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार की रात सीतारामडेरा और मानगो में छापेमारी कर कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 60 पुड़िया ब्राउन शुगर, नकद 6,650 रुपये और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-I भोला प्रसाद ने किया। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम द्वारा रात करीब 7:40 बजे सीतारामडेरा के स्लैग रोड स्थित न्यू सीतारामडेरा पार्क में छापेमारी की गई। यहां ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते बादल बनिया (25) और गौरव राम (25) को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से 15 पुड़िया ब्राउन शुगर और नकद राशि बरामद की गई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी हत्या, चोरी, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में पूर्व से आरोपित हैं। बादल हाल ही में टकलू हत्याकांड में जेल से बाहर आया है।
इसके बाद पुलिस टीम ने मानगो पुल के पास स्वर्णरेखा नदी किनारे दूसरी छापेमारी की। यहां से शिवाजी गोप उर्फ नाडू, सर्जन कुमार उर्फ साजन, अता मोहम्मद और टुनटुन यादव को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 45 पुड़िया ब्राउन शुगर, 6,650 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन मिला। गिरफ्तार चार लोगों में से तीन आरोपी ब्राउन शुगर की बिक्री के साथ-साथ आर्म्स एक्ट, चोरी और मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।





