बारिनगर में फुटबॉल का रोमांच, विधायक संजीव सरदार ने किया आठवीं चैंपियंस ट्रॉफी का शुभारंभ

बारिनगर में फुटबॉल का रोमांच, विधायक संजीव सरदार ने किया आठवीं चैंपियंस ट्रॉफी का शुभारंभ

झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों की 32 टीमें मैदान में, विधायक बोले- प्रतिभा दिखाइए, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों के साथ खड़ी है सरकार

जमशेदपुर। टेल्को के बारिनगर में बारिनगर फ्रेंड्स क्लब की ओर से आयोजित आठवीं चैंपियंस ट्रॉफी डे-नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में पोटका विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा आयोजकों और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं। डे-नाइट टूर्नामेंट में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों की मौजूदगी से मैदान में उत्साह का माहौल रहा।

शहर में फुटबॉल के प्रति ऐसा जुनून देखकर खुशी होती है : संजीव सरदार

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में आमतौर पर क्रिकेट की लोकप्रियता अधिक देखने को मिलती है, लेकिन बारिनगर में फुटबॉल के प्रति युवाओं और खेलप्रेमियों का उत्साह, जुनून और लगाव देखकर बेहद खुशी होती है। उन्होंने कहा कि झारखंड की मिट्टी में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है खिलाड़ियों को सही मंच, बेहतर अवसर और प्रोत्साहन देने की। ऐसे स्थानीय टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ नई पीढ़ी को भी खेलों से जोड़ते हैं।

खेल को सिर्फ शौक नहीं, अपने भविष्य के रूप में भी देखें युवा – विधायक

विधायक ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि झारखंड सरकार खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए सीधी नियुक्ति की व्यवस्था भी की गयी है। झारखंड खेल नीति में खिलाड़ियों को रोजगार से जोड़ने तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा, “मैदान में अपना सर्वश्रेष्ठ दीजिए। खेल को केवल मनोरंजन या शौक तक सीमित न रखें, बल्कि अनुशासन और मेहनत के साथ इसे अपने भविष्य का रास्ता भी बनाएं। आज गांव-मोहल्ले के मैदान से निकलने वाला खिलाड़ी कल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड और देश का नाम रोशन कर सकता है।”

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार कर रही काम

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में खेल प्रतिभाओं को मंच देने, खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। राज्य में खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति पहले भी की गयी है, जबकि खेल नीति में नौकरी एवं शिक्षण संस्थानों में आरक्षण जैसे प्रावधानों का उल्लेख है। उन्होंने बारिनगर फ्रेंड्स क्लब की सराहना करते हुए कहा कि 32 टीमों को एक मंच पर लाकर डे-नाइट फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित करना खेल के प्रति क्षेत्र के उत्साह को दर्शाता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की तथा आयोजन की सफलता के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य गुलफाम, नासर इमाम, तबरेज, मुन्ना, असगर खान आदि की अहम भूमिका रही.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई