*विधायक निसात आलम के प्रयास से मिली बड़ी सौगात — 61 करोड़ 57 लाख की लागत से बनेगी दिग्घी मोड़ से मालिन-रिसौड मोड़ तक सड़क*
*पाकुड़* पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए राहत भरी खबर है। विधायक निसात आलम के निरंतर प्रयासों से दिग्घी मोड़ से मालिन गांव होते हुए रिसौड मोड़ तक की जर्जर सड़क के निर्माण को लेकर झारखंड कैबिनेट से 61 करोड़ 57 लाख 55 हजार 800 रुपए की स्वीकृति मिल गई है।
विधायक ने जानकारी दी कि यह सड़क पहले ग्रामीण कार्य विभाग के अधीन थी, लेकिन अब इसे पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया है, ताकि इसका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्हें सड़क की बदहाली की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद उन्होंने संबंधित विभाग को पत्र लिखकर सड़क के चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण की मांग की थी। अब झारखंड कैबिनेट की स्वीकृति के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर भू-अर्जन का कार्य शुरू किया जाएगा।
विधायक निसात आलम ने कहा कि उम्मीद है, अगले वर्ष से सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इस सड़क के निर्माण से छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन दिग्घी मोड़ से रिसौड होते हुए पश्चिम बंगाल की दिशा में होगा। इससे बरहरवा बाजार और हाई स्कूल मोड़ क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या में काफी कमी आएगी तथा व्यवसायी वर्ग को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाने का है। जो भी सड़कें जर्जर हैं, उनका निर्माण या अपग्रेडेशन प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।





