*कोडरमा।* सतगावां थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी रविवार को उजागर हुआ जब रामडीह के नौवाचक स्थित अपना लाइन होटल के पास एक पिकअप वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
वाहन के पलटते ही उसमें छिपाकर ले जाई जा रही शराब की पेटियां गिर पड़ीं और बोतलें सड़क पर बिखर गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार तस्करों ने पिकअप वैन में प्लाई लकड़ी का फ्रेम बनाकर बीच के हिस्से में लगभग 130 पेटी शराब को बारीकी से छिपाया था, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इस मार्ग से छोटे वाहनों के जरिये बड़ी मात्रा में शराब की तस्करी कर बिहार भेजा जाता है। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।





