*विदेश में छिपे कुख्यात अपराधी राहुल सिंह पर झारखंड CID की बड़ी कार्रवाई, इंटरपोल ने जारी किया ब्लू कॉर्नर नोटिस*
*रांची:* झारखंड के कुख्यात अपराधी राहुल सिंह, जो विदेश में बैठकर राज्य में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था, उसके खिलाफ अब ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई झारखंड CID के अनुरोध पर CBI की मदद से की गई है।
कौन है राहुल सिंह:
राहुल सिंह, एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर अमन साहू का करीबी सहयोगी बताया जाता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अमन साहू के मारे जाने के बाद राहुल सिंह ने ही गिरोह की बागडोर संभाली और विदेश से ही झारखंड के कई जिलों—रांची, पलामू, रामगढ़, बोकारो, चतरा, हजारीबाग और लातेहार—में अपने गुर्गों के ज़रिए आपराधिक वारदातों को अंजाम देने लगा।
सूत्र बताते हैं कि राहुल सिंह अपने गैंग के सदस्यों को रंगदारी वसूलने, रेलवे साइडिंग पर हमले और कोयला व्यापारियों को धमकाने जैसे अपराधों के निर्देश विदेश से ही देता है। जो लोग रंगदारी नहीं देते, उन्हें धमकाया या निशाना बनाया जाता है।
CID ने CBI से मांगी थी मदद:
झारखंड CID ने राहुल सिंह की लोकेशन और गतिविधियों का पता लगाने के लिए CBI के ज़रिए इंटरपोल से संपर्क किया था। अनुरोध को मंजूरी मिलने के बाद इंटरपोल ने उसके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है।
क्या होता है ब्लू कॉर्नर नोटिस:
ब्लू कॉर्नर नोटिस इंटरपोल द्वारा तब जारी किया जाता है जब किसी फरार या संदिग्ध अपराधी की पहचान, ठिकाना या गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटानी होती है। इस नोटिस के तहत सदस्य देशों को आरोपी से जुड़ी सभी जानकारियाँ साझा करनी होती हैं, जिससे गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज हो सके।






