*छपरा में पुलिस-अपराधियों के बीच मुठभेड़, कुख्यात शिकारी राय घायल ; हथियार बरामद, इलाके में दहशत*

*छपरा में पुलिस-अपराधियों के बीच मुठभेड़, कुख्यात शिकारी राय घायल ; हथियार बरामद, इलाके में दहशत

 

*छपरा:* बिहार के छपरा में आज सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान कुख्यात अपराधी शिकारी राय पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। उसे छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस टीम ने मौके से हथियार भी बरामद किए हैं। शिकारी राय पर हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगवार जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

 

*रात में हुई हत्या के बाद बढ़ा तनाव*

 

जानकारी के मुताबिक, छपरा के छोटा तेलपा इलाके में रविवार की देर रात एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में शिकारी राय की संलिप्तता सामने आई। इसी आधार पर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर पहुंची, लेकिन तभी उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

 

फायरिंग में एक पुलिस जवान घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शिकारी राय को गोली लगी और वह पकड़ा गया।

 

*इलाके में दहशत, पुलिस अलर्ट मोड पर*

 

मुठभेड़ की खबर फैलते ही छपरा और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और सर्च ऑपरेशन भी तेज कर दिया गया है।

 

*नई सरकार के बाद अपराधियों पर कड़ा शिकंजा*

 

नई सरकार के गठन के बाद अपराधियों पर नकेल कसने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। कई जिलों में पुलिस की स्पेशल टीमें बनाकर अभियान चलाया जा रहा है।

 

खासकर उन अपराधियों पर कार्रवाई तेज है, जिन पर हत्या, रंगदारी और गैंगवार के गंभीर मामले लंबित हैं। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में बड़े अपराधियों पर शिकंजा कसने से अपराध के ग्राफ में गिरावट दिखाई दे सकती है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई