*सीएम हेमंत सोरेन ने दुमका में “झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट” का शुभारंभ
*युवाओं को मिलेगा पायलट प्रशिक्षण का सुनहरा अवसर*
*दुमका।* दुमका में सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सिदो–कान्हू एयरपोर्ट परिसर, दुमका में “झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट” का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन–शिलान्यास किया तथा नियुक्ति पत्र और परिसंपत्तियों का वितरण भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फ्लाइंग इंस्टीट्यूट की आधारशिला पहले रखी गई थी, लेकिन लंबे समय तक इसे उपेक्षित छोड़ दिया गया। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि “ऐसे संस्थानों को बढ़ाने के बजाय रोका गया और सीमित कर दिया गया, लेकिन हमारी सरकार युवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
सीएम सोरेन ने कहा कि अब झारखंड के युवा सिर्फ हवाई जहाज में बैठेंगे ही नहीं, बल्कि उड़ाएंगे भी। फ्लाइंग इंस्टीट्यूट में हर वर्ष 30 युवाओं का चयन प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। इनमें से 15 आरक्षित वर्ग के छात्रों को राज्य सरकार 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप देगी, जिससे वे बिना आर्थिक बोझ के पायलट प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के युवाओं के लिए ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि यह पहल झारखंड को नई दिशा और नई उड़ान देगी।




