घाटशिला उपचुनाव: मतदान की सभी तैयारियां पूरी, 11 नवंबर को 2.56 लाख मतदाता करेंगे फैसला

घाटशिला उपचुनाव: मतदान की सभी तैयारियां पूरी, 11 नवंबर को 2.56 लाख मतदाता करेंगे फैसला

घाटशिला : विधानसभा उपचुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार, 11 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इस दौरान 2,56,352 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 13 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे।

निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए 231 स्थानों पर 300 मतदान केंद्र बनाए हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, क्षेत्र में 1,31,235 महिला मतदाता, 1,25,114 पुरुष मतदाता, 2,738 दिव्यांग मतदाता और 3 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है। मतदान प्रक्रिया की सीधी मॉनिटरिंग निर्वाचन आयोग, सीईओ कार्यालय और जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी।

शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। कुमार ने कहा कि यद्यपि घाटशिला क्षेत्र पहले नक्सल प्रभावित रहा है, फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से ओडिशा और पश्चिम बंगाल की सीमाएं सील कर दी गई हैं।

इधर, सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने केंद्रों पर पहुंच चुकी हैं और मतदान की तैयारी पूरी हो चुकी है।

घाटशिला सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन (पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पुत्र) और झामुमो उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन (पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के पुत्र) के बीच है।

मतगणना और परिणाम की घोषणा 14 नवंबर को की जाएगी।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई