घाटशिला उपचुनाव के लिए संजीव सरदार सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में चला रहे जनसंपर्क अभियान
घाटशिला में विभिन्न पंचायतों में बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों संग की बैठक, कहा – भाजपा ने हमेशा आदिवासियों का शोषण किया, हेमंत सरकार ने आदिवासियों को उनका हक और सम्मान दिया
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के पक्ष में जनसंपर्क अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। झामुमो के स्टार प्रचारक और पोटका विधानसभा के विधायक संजीव सरदार ने सोमवार को कड़ाडूबा, आसना, काठशौल और बोगडूबा जैसे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में जनता से मुलाकात कर झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
कड़ाडूबा पंचायत के दौरे के दौरान विधायक संजीव सरदार ने कहा कि ग्रामीणों का स्नेह, युवाओं की ऊर्जा और माताओं-बहनों का आशीर्वाद घाटशिला की उस जीवंत भावना का प्रतीक है जो विकास की राह पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि “भाजपा ने सालों से सिर्फ आदिवासियों का शोषण किया, अब हेमंत सरकार ने आदिवासियों को सम्मान देने का काम किया है। जनता 11 नवंबर को झामुमो प्रत्याशी को विजय का आशीर्वाद देने के लिए पूरी तरह तैयार है।”
आसना पंचायत के काठशौल गांव में विधायक संजीव सरदार ने बुद्धिजीवियों, ग्राम प्रधानों, मांझी बाबा, नायके बाबा और ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय मंत्री रामदास सोरेन जी के अधूरे सपनों को उनके सुपुत्र सोमेश चंद्र सोरेन पूरा करेंगे।
उन्होंने कहा, “यह उपचुनाव केवल एक राजनीतिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक संकल्प है — विकास, सम्मान और झारखंड की अस्मिता की रक्षा का है।”
अबुआ सरकार की योजनाओं से जनविश्वास मजबूत — संजीव सरदार
विधायक ने इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, फसल राहत योजना, छात्रवृत्ति योजना, मईया सम्मान योजना और ग्रामीण सड़क विकास योजना की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि अबुआ सरकार सबका सम्मान कर रही है, और जनता झामुमो सरकार की नीतियों पर भरोसा करती है।
बोगडूबा गांव में भी विधायक संजीव सरदार ने जनसंपर्क अभियान चलाया।
विधायक ने कहा – “जनता का जोश और विश्वास इस बात का प्रमाण है कि घाटशिला की जनता अबुआ सरकार के साथ है। यह चुनाव विकास बनाम भ्रम का चुनाव है — और जीत हमेशा सत्य, सेवा और जनकल्याण की होती है।”
जनसंपर्क अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला मंडली, और झामुमो के कार्यकर्ता मौजूद रहे.




