Ranchi : राजधानी रांची से सटे खलारी थाना क्षेत्र में हुए पुलिस टीम पर फायरिंग मामले में पुलिस ने एक संदेही गुनहगार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शख्स का नाम राहुल दास बताया गया। करीब 29 साल का राहुल दास चतरा के हंटरगंज का रहने वाला है। वह एक अंतर्राज्यीय आपराधिक गिराह का सदस्य है और अपने कुछ साथियों के साथ खलारी में लूटपाट करने आया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हथियार, जिंदा गोलियां, कार और एक बाइक जब्त की है। इस बता का खुलासा रांची के रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने किया है। SP प्रवीण पुष्कर ने मीडिया को बताया कि बीते 21 सितंबर की रात करीब 12 बजे सुरक्षा बलों पर फायरिंग की गयी थी। इस वारदार ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। पुरनी राय स्थित बम्बई होटल के पास बिना नम्बर की सफेद अपाची बाइक और सफेद बलेनो कार में सवार चार-पांच अपराधियों ने गश्ती में तैनात जवानों पर गोलियां बरसायी थी। इस हमले में हवलदार रामशरेख शर्मा के पैर में गोली लगी थी और वे बेतरह जख्मी हो गये थे। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में SIT गठित की गयी। SIT को लीड करने का जिम्मा था खलारी के DSP रामनारायण चौधरी का। टीम ने कार्रवाई शुरू की। टेक्निकल सेल और आसपास के लोगों की मदद ली गयी। इसी दरम्यान राय-बुढ़मू रोड के पास पाही जंगल में संदेही गुनहगार राहुल दास को हथियार और जिंदा गोलियों के साथ दबोच लिया गया।





