अखिल झारखंड विस्थापित अधिकार मंच के बैनर तले सोमवार को घोषित जल सत्याग्रह को लेकर चांडिल डैम के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गयी है.
जगह-जगह दंडाधिकारियों के साथ पुलिस जवानों की तैनाती की गयी है. इस दौरान पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. चांडिल डैम की ओर जाने वाली सड़क के दोनों छोर पर पुलिस के जवान तैनात हैं. वहीं, बांध के नौकायन स्थल पर मजिस्ट्रेट के साथ बड़ी संख्या में महिला पुलिस और पुरुष पुलिस जवानों की तैनाती की गई है. किसी को भी बांध के अंदर जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है.
इस दौरान अखिल झारखंड विस्थापित अधिकार मंच के अध्यक्ष राकेश रंजन महतो ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण आंदोलन की अनुमति नहीं देना संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है. उन्होंने कहा कि अपनी जायज मांगों के समर्थन में वह मंच के बैनर तले आंदोलन कर रहे हैं.






