माननीय राष्ट्रपति ने किया जमशेदपुर को सम्मानित, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में जमशेदपुर ने कायम रखा स्वच्छता का परचम

माननीय राष्ट्रपति ने किया जमशेदपुर को सम्मानित, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में जमशेदपुर ने कायम रखा स्वच्छता का परचम

4,752 नगरीय निकायों की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन, विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में जमशेदपुर को मिला सम्मान

जमशेदपुर: स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, निरंतर प्रयासों और नागरिक सहभागिता के दम पर जमशेदपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान कायम रखी है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में जमशेदपुर ने स्वच्छता के अपने शानदार सफर को जारी रखते हुए झारखंड का मान बढ़ाया है।

देशभर के कुल 4,752 नगरीय निकायों ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया। इनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 60 शहरों को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह के लिए आमंत्रित किया गया।

इस अवसर पर माननीय राष्ट्रपति द्वारा जमशेदपुर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि पूरे शहर के लिए गौरव का विषय है। सम्मान प्राप्त करने के लिए आयोजित समारोह में जमशेदपुर का प्रतिनिधित्व श्री सुनील कुमार, प्रधान सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग (UDHD), श्री सूरज कुमार, निदेशक, SUDA, श्री योगेंद्र प्रसाद, नगर आयुक्त, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) तथा टाटा स्टील यूआईएसएल के जनरल मैनेजर (Town O&M) श्री रविंद्र कुमार सिंह ने किया।

जमशेदपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी निरंतर उपलब्धियों और प्रभावी नगर प्रबंधन व्यवस्था के माध्यम से झारखंड का मान बढ़ाया है। यह उपलब्धि जमशेदपुर की स्वच्छता संस्कृति, संस्थागत प्रतिबद्धता, आधुनिक तकनीक, मजबूत निगरानी व्यवस्था और शहरवासियों की सक्रिय सहभागिता का परिणाम है।

शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्रोत पर कचरे का पृथक्करण, आधुनिक अपशिष्ट प्रसंस्करण संयंत्र, मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF), जैविक कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण, आरआरआर (Reduce, Reuse, Recycle) केंद्रों और जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से स्वच्छता व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।

जमशेदपुर की यह उपलब्धि केवल एक सर्वेक्षण की सफलता नहीं, बल्कि स्वच्छ, सुंदर और सतत शहर के निर्माण की दिशा में किए जा रहे सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है। इस उपलब्धि में सफाई कर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न संस्थानों और शहर के जागरूक नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

जमशेदपुर ने एक बार फिर साबित किया है कि निरंतर प्रयास, बेहतर प्रबंधन और जनभागीदारी से स्वच्छता के क्षेत्र में नए राष्ट्रीय मानक स्थापित किए जा सकते हैं।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई