दीपावली पर मारवाड़ी समाज की अनूठी पहल, पूर्वी सिंहभूम जिले में एक करोड़ रुपये से अधिक की मिठाइयों का निर्माण एवं विक्रय, समाज को हुई 25 से 30 लाख रुपये की बचत
समाज का पैसा समाज के लोगों के बीच बचा, शुद्धता और किफायत के साथ एकजुटता की पेश की मिसाल : पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन
मारवाड़ी समाज काशीडीह ने इस वर्ष किया रिकार्ड तोड़ मिठाइयों का विक्रय. जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने किया अभिनंदन
जमशेदपुर। दीपावली के पावन अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिले के मारवाड़ी समाज ने सामाजिक एकजुटता, सहयोग और सेवा भावना की अनूठी मिसाल पेश की है। पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन की विभिन्न शाखाओं एवं मारवाड़ी समाज के अंतर्गत आने वाले विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा शहर के अलग-अलग स्थानों पर सामूहिक रूप से शुद्ध मिठाइयों एवं नमकीन का निर्माण कराया गया। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर भट्टी पूजन कर विधि-विधान से मिठाई निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। समाज के लोगों के सामूहिक सहयोग से बड़ी मात्रा में मिठाइयां तैयार की गईं और उन्हें दीपावली के अवसर पर उचित एवं किफायती मूल्य पर आम लोगों के बीच बेचा गया।
यह बताते हुए हर्ष हो रहा है कि इस वर्ष पूर्वी सिंहभूम जिले में पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन की विभिन्न शाखाओं एवं संगठनों के सामूहिक प्रयासों से लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की मिठाइयों एवं नमकीन का निर्माण एवं विक्रय किया गया। इस पहल के माध्यम से समाज के लोगों को बाजार की तुलना में काफी कम कीमत पर शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां उपलब्ध हुईं। अनुमानतः इस सामूहिक प्रयास से समाज के लोगों को लगभग 25 से 30 लाख रुपये की आर्थिक बचत हुई है। यानी समाज का पैसा समाज के ही लोगों के बीच बचा और इसका सीधा लाभ समाज के परिवारों को मिला।
मारवाड़ी समाज काशीडीह ने इस वर्ष रिकार्ड तोड़ मिठाई का विक्रय किया. जिसपर पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष मुकेश मित्तल, महासचिव प्रदीप मिश्रा ने काशीडीह समाज के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, महासचिव अंकित मोदी और श्याम अग्रवाल को मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया.
इस पहल की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि विभिन्न संगठनों ने व्यावसायिक लाभ के बजाय सामाजिक हित को प्राथमिकता दी। मिठाइयों के सामूहिक निर्माण से लेकर उनकी बिक्री तक समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई। इससे एक ओर जहां पारंपरिक मिठाइयों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने का प्रयास हुआ, वहीं दूसरी ओर बाजार की तुलना में किफायती दरों पर मिठाइयां उपलब्ध कराकर समाज के परिवारों को आर्थिक राहत भी मिली।
पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन इस सामूहिक प्रयास पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी शाखाओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, उनके पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और इस अभियान से जुड़े प्रत्येक समाज बंधु को हार्दिक बधाई एवं साधुवाद देता है।
सम्मेलन को आशा है कि आने वाले वर्षों में यह पहल और अधिक व्यापक रूप लेगी। अधिक से अधिक शाखाएं एवं सामाजिक संगठन इस अभियान से जुड़ेंगे तथा प्रत्येक वर्ष दीपावली के अवसर पर बड़े स्तर पर मिठाइयों का सामूहिक निर्माण कर समाज के लोगों को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं उचित मूल्य पर मिठाइयां उपलब्ध कराने की परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।
यह पहल वास्तव में सामाजिक एकजुटता, आत्मनिर्भरता और सामूहिक सहभागिता का प्रेरणादायक उदाहरण है।




