ASG आई हॉस्पिटल में मरीज के इलाज को लेकर उठे सवाल, यूथ इंटक प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह ने अस्पताल प्रबंधन को दी कड़ी चेतावनी
जमशेदपुर। आज जमशेदपुर स्थित ASG आई हॉस्पिटल में पूर्वी सिंहभूम यूथ इंटक के जिला अध्यक्ष श्री रोहन सिंह की माता जी के इलाज में आ रही परेशानियों को लेकर मामला सामने आया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहन सिंह की माता जी का फरवरी माह में उक्त अस्पताल में आंखों का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद से ही उनकी आंखों में लगातार सूजन की समस्या बनी हुई थी, जिसके कारण उनका परिवार काफी परेशान था। इसी सिलसिले में आज जब रोहन सिंह चिकित्सक से मिलकर अपनी माता जी की स्वास्थ्य संबंधी समस्या पर चर्चा करना चाह रहे थे, तब अस्पताल प्रबंधन के कथित असहयोगपूर्ण एवं अमर्यादित व्यवहार से उन्हें काफी निराशा हुई।
इसकी जानकारी मिलने पर झारखंड प्रदेश यूथ इंटक के प्रदेश अध्यक्ष श्री सत्यम सिंह जी अपने कार्यकर्ताओं के साथ तत्काल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के रवैये पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए मरीज के उचित इलाज एवं परिजनों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मरीज को उचित चिकित्सा सुविधा एवं न्याय नहीं मिला तो अस्पताल के खिलाफ उग्र आंदोलन करते हुए अस्पताल बंद कराने तक का कदम उठाया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल के HOD श्री नितेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष श्री सत्यम सिंह, जिला अध्यक्ष श्री रोहन सिंह एवं उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर आश्वासन दिया कि अब उनकी माता जी के संपूर्ण इलाज की जिम्मेदारी वे स्वयं लेंगे तथा व्यक्तिगत रूप से उनकी आंखों की जांच (Examination) कर आगे के उपचार की निगरानी करेंगे।
HOD द्वारा दिए गए इस आश्वासन के बाद प्रदेश अध्यक्ष श्री सत्यम सिंह जी के निर्देश पर सभी कार्यकर्ता वापस लौटे।
श्री सत्यम सिंह जी ने स्पष्ट संदेश दिया कि मरीजों के स्वास्थ्य और उनके अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या उनके परिजनों के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना अस्पताल प्रबंधन की नैतिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी है। यूथ इंटक हमेशा आम जनता, मजदूरों एवं उनके परिवारों के अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा रहेगा।





