जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस ने उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई चेन स्नैचिंग कांड का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, एक लोडेड देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, 40 हजार रुपये नकद समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने मॉर्निंग वॉक पर निकली वृद्ध महिला से चेन छीनने की घटना स्वीकार कर ली है। पुलिस ने यह भी खुलासा किया है कि आरोपी एनएच-33 पर हथियार के बल पर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
जानकारी के अनुसार, 1 अगस्त की सुबह उलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-1 में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक वृद्ध महिला से बाइक सवार अपराधियों ने सोने की चेन छीन ली थी। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी बादल कुमार मोहंती उर्फ बादल की पहचान की। इसके बाद 3 अगस्त की रात गुप्त सूचना पर वसुंधरा एस्टेट के समीप स्वर्णरेखा परियोजना के एक खंडहर क्वार्टर में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में बादल कुमार मोहंती उर्फ बादल, हरप्रीत सिंह उर्फ रितिक और राजा बनर्जी उर्फ बड़ा चेला शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक सोने की चेन, एक लोडेड देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, 40 हजार रुपये नकद, एक सोने का टुकड़ा, चार एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल और एक डॉगल बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि छीनी गई सोने की चेन को बिष्टुपुर के एक सुनार की दुकान में बेच दिया गया था। पुलिस ने बरामदगी के साथ इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों अपराधियों के खिलाफ चोरी, लूट, छिनतई और आर्म्स एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।




