जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में मोहम्मद अफताब आलम की हत्या के मामले में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना से पहले रेकी के लिए इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की नीले और काले रंग की स्कूटी भी बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 2 अगस्त की रात बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कंटेनर यार्ड के पास अपराधियों ने मोहम्मद अफताब आलम पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी थी। गंभीर रूप से घायल अफताब को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद बर्मामाइंस थाना में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) और पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना पर पुलिस ने कैरेज कॉलोनी स्थित मुस्लिम बस्ती में छापेमारी कर मामले के प्राथमिक आरोपी मोहम्मद समद और कुलसुम बीबी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर वारदात से पहले रेकी में इस्तेमाल की गई बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की स्कूटी भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद समद का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और डकैती जैसे गंभीर मामलों में कई केस दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस हत्या की साजिश और वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




